September 12, 2026

Devsaral Darpan

News 24 x 7

उत्तराखंड- धामी कैबिनेट का फैसला, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न मिलेगी सरकारी नौकरी !!

उत्तराखंड;  राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी मिलेगी। प्रदेश के पांच राजकीय मेडिकल कॉलेजों के एमबीबीएस इंटर्न छात्रों का स्टाइपेंड आठ हजार रुपये बढ़ेगा। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में ये निर्णय लिए गए।

बैठक के बाद अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने बताया कि बैठक में कुल 10 प्रस्ताव आए। श्रीनगर, हल्द्वानी, देहरादून, अल्मोड़ा और हरिद्वार मेडिकल कॉलेजों के एमबीबीएस इंटर्न छात्रों को अब 17,000 रुपये के बजाए 25,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा। ये छात्र पिछले कुछ दिनों से आंदोलन कर रहे थे।

कैबिनेट ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत सहायक अध्यापक व्यायाम के 33 पद सृजित करने पर मुहर लगाई है। खेल विभाग के निर्धारित शासनादेश के प्रावधानों के तहत अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सेवायोजन देने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग के सहायक अध्यापक व्यायाम के लेवल-7 के कुल सृजित 1898 पदों में से 33 पदों आरक्षित कर दिया गया है।
दूसरी ओर, खेल नीति 2021 के तहत अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी देने का प्रावधान है। इसके लिए खेल विभाग, युवा कल्याण विभाग, गृह विभाग, परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग और वन विभाग में 243 पदों को मंजूरी दी गई है। कैबिनेट ने हरिद्वार मेडिकल कॉलेज के समीप चिह्नित 15 एकड़ भूमि कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल के निर्माण के लिए आवंटित करने पर भी मुहर लगाई।
news