उत्तराखण्ड; देहरादून। बीते वर्ष नकल प्रकरण के बाद रद्द की गई स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को दोबारा कराने के लिए अधीनस्थ सेवा चयन आयोग पारदर्शिता बरतने को काफी सतर्क है। इस बार जिला मुख्यालय व शहर से बाहर के शिक्षण संस्थानों में परीक्षा केंद्र नहीं बनाए जाएंगे। आयोग ने परीक्षा केंद्रों के चयन के लिए सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए।
आयोग की ओर से 17 मई को स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। आयोग ने सभी जिलों को निर्धारित मानकों पर परीक्षा केंद्रों का चयन करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा में पारदर्शिता बनाने के लिए केंद्रों में पर्याप्त संसाधन होने चाहिए। परीक्षा केंद्र के समीप चौराहा, साइबर कैफे, प्रिंटिंग प्रेस न हो। एक परीक्षा केंद्र में 240 से कम अभ्यर्थियों के बैठने की क्षमता न हो। आयोग के अनुसचिव सुभाष चंद्र घिल्डियाल ने सभी जिलों को आठ अप्रैल तक परीक्षा केंद्रों का मानकों के अनुसार चयन कर कर रिपोर्ट आयोग को भेजने के निर्देश दिए हैं।
