उत्तराखण्ड; नगर निगम परिसर में शुक्रवार को उस वक्त हंगामा हो गया जब मेयर कार्यालय में पहुंचे कांग्रेस पार्षदों और सफाई कर्मचारी यूनियन का टकराव हो गया। पार्षदों और यूनियन के पदाधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। जिस वक्त यह मामला हुआ मेयर सौरभ थपलियाल भी कार्यालय में मौजूद थे। मामला बढ़ता देख उन्होंने दोनों पक्षों में बीच-बचाव कराकर मामला शांत कराया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
कांग्रेस पार्षद रॉबिन त्यागी, आयुष गुप्ता, अभिषेक तिवारी आदि मेयर सौरभ थपलियाल से उनके कार्यालय में मिलने के लिए पहुंचे थे। जब कांग्रेस पार्षद अपनी बात मेयर के सामने रख रहे थे तो उसी दौरान सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष सोनू खैरवाल सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी और सफाई कर्मचारी भी मेयर कार्यालय में पहुंच गए। इसी दौरान एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। मामला इतना बढ़ा कि हंगामा शुरू हो गया। हालांकि मेयर ने दोनों पक्षों को शांत किया और इस मामले में जांच का आश्वासन दिया।
