February 28, 2026

Devsaral Darpan

News 24 x 7

अंतरिक्ष से आया स्वतंत्रता दिवस की बधाई का संदेश

नई दिल्ली: भारत की आजादी के 75 वें वर्ष पूरे होने पर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव की अंतरिक्ष में भी धूम है। दुनिया से भारत को भेजे जा रहे बधाई संदेशों में एक शुभकामना संदेश पृथ्वी ग्रह से दूर अंतरिक्ष से आया है। यह संदेश इटली की अंतरिक्ष यात्री सामंथा क्रिस्टोफोरेटी ने इंटरनेशनल स्पेस सेंटर से भेजा है। क्रिस्टोफोरेटी ने इस विशेष अवसर पर भारत को बधाई देते हुए अंतरिक्ष से वीडियो संदेश भेजकर खुशी जताई है। सामंथा क्रिस्टोफोरेटी के इस शुभकामना वीडियो संदेश को इसरो के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर किया गया है। इसकी अवधि 1 मिनट 13 सेकंड है। वीडियो में अंतरिक्ष यात्री क्रिस्टोफोरेटी लाल रंग की टीशर्ट पहने दिख रही हैं और इसरो एजेंसी को शुभकामनाएं दे रही है। अंतरिक्ष यात्री सामंथा क्रिस्टोफोरेटी ने कहा कि भारत को आजादी के 75 साल पूरे होने पर बधाई देते हुए खुशी हो रही है। दशकों से अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के साथ मिलकर कई अंतरिक्ष और विज्ञान मिशनों पर काम किया है। सामंथा क्रिस्टोफोरेटी यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) की अंतरिक्ष यात्री हैं और वह फिलहाल अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर हैं। उन्होंने ‘गगनयान’ कार्यक्रम पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की सफलता की कामना की।
news