April 16, 2026

Devsaral Darpan

News 24 x 7

राहुल गांधी ने तिरंगा लेकर शुरू की भारत जोड़ो यात्रा।

कन्याकुमारी;  कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा को ऐतिहासिक अवसर बताया है। सोनिया ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस को मजबूत करेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने  कन्याकुमारी से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आगाज कर दिया है। संगठन को मजबूत करने और पार्टी कार्यकर्ताओं में जान फूंकने के मकसद से ये यात्रा सुबह सात बजे अगस्तीस्वरम से शुरू हुई। इस दौरान पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे।

पदयात्रा शुरू करने से पहले राहुल गांधी ने शिविर स्थल पर ध्वजारोहण किया। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3,570 किमी लंबी होगी। उन्होंने 118 ‘भारत यात्रियों’ के अलावा पार्टी नेताओं के साथ पदयात्रा शुरू की। ‘भारत यात्रियों’ में 30 फीसद महिलाएं हैं। राहुल गांधी ने बुधवार को भारत जोड़ो यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी। राहुल ने कहा था कि वह नफरत के लिए अपना देश नहीं खोएंगे। इस दौरान उन्होंने भाजपा-आरएसएस पर देश को धार्मिक आधार पर विभाजित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

भारत जोड़ो यात्रा अगले पांच महीनों में 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। पदयात्रा दो अलग-अलग बैच सुबह 7 बजे से सुबह साढ़े 10 बजे और दोपहर साढ़े 3 बजे से शाम साढ़े 6 बजे तक में होगी। पदयात्रा रोजाना 22-23 किमी का होगा। पद यात्रा में शामिल होने के लिए करीब 50 हजार लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पदयात्रा 11 सितंबर को केरल पहुंचेगी। अगले 18 दिनों तक इसी राज्य से गुजरेगी और फिर 30 सितंबर को कर्नाटक पहुंचेगी। इसके बाद ये तिरुवनंतपुरम, कोच्चि, नीलांबुर, मैसूर, बेल्लारी, रायचूर, विकाराबाद, नांदेड़, जलगांव, इंदौर, कोटा, दौसा, अलवर, बुलंदशहर, दिल्ली, अंबाला, पठानकोट, जम्मू से होकर श्रीनगर में समाप्त होगी।

news