February 28, 2026

Devsaral Darpan

News 24 x 7

नव नियुक्त सीडीएस- कई आतंकवाद विरोधी अभियानों में साथ-साथ काम कर चुके, राज्यपाल गुरमीत सिंह (सेनि) और सीडीएस अनिल चौहान

उत्तराखंड;  स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत के बाद अनिल चौहान दूसरे उत्तराखंडी हैं जो सशस्त्र सेनाओं के शीर्ष ओहदे पर पहुंचे हैं। इससे पहले तत्कालीन थलसेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत जनवरी 2020 को देश के पहले सीडीएस नियुक्त हुए थे। लेकिन, पिछले साल आठ दिसंबर 2022 को हेलीकॉप्टर क्रैश में उनका निधन हो गया था। जनरल रावत के निधन के बाद सीडीएस का पद करीब दस माह तक खाली रहा। अब केंद्र सरकार ने सेना के इस शीर्ष ओहदे पर एक और उत्तराखंडी ले. जनरल अनिल चौहान को नियुक्त किया है।

सैनिक बहुल राज्य उत्तराखंड के नाम एक और गौरव जुड़ा है। जनरल बिपिन रावत के बाद लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (सेनि.) देश के दूसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ यानी सीडीएस नियुक्त किए गए हैं। वह मूलरूप से पौड़ी जिले के खिर्सू ब्लॉक के देवलगढ़ गवाणा के निवासी हैं। वर्तमान में वह दिल्ली में रहकर नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (एनएससी) में सैन्य सलाहकार की अहम जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

उत्तराखंड के राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह (सेनि) ने नव नियुक्त सीडीएस लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (सेनि) को बधाई दी है। राज्यपाल ने कहा कि यह खुशी की बात है कि उत्तराखंड राज्य से ही देश को दूसरे सीडीएस मिले हैं।

उन्होंने कहा कि वह सेना के दिनों से नवनियुक्त सीडीएस से भली भांति परिचित हैं। वह अत्यंत योग्य एवं कार्यकुशल सैन्य अधिकारी रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल चौहान ने उनके साथ कई ऑपरेशनल चुनौतियों और आतंकवाद विरोधी अभियानों में काम किया है।

उल्लेखनीय है कि राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह जब सेना में कश्मीर में कोर कमांडर थे, उस समय ले.ज. चौहान बारामूला में जीओसी के पद पर तैनात थे। वहीं, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी नव नियुक्त सीडीएस लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (सेनि) को बधाई दी है।

संपादन: अनिल मनोचा

 

news