September 3, 2026

Devsaral Darpan

News 24 x 7

आज हिमाचल में सीएम धामी जनसभा में भरेंगे हुंकार, दिखाएंगे अपनी चुनावी रणनीति की धमक !!

हिमाचल चुनाव;   उत्तराखंड में लगातार दो विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर हर बार सत्ता में बदलाव का मिथक तोडऩे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अब विधानसभा चुनाव अभियान में शामिल होने के लिए हिमाचल का रुख कर रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार,  इस कड़ी में शुक्रवार को मुख्यमंत्री धामी हिमाचल के जुब्बल कोटखाई में जनसभा को संबोधित करेंगे। आने वाले दिनों में कई विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री की जनसभाओं के कार्यक्रम को पार्टी अंतिम रूप दे रही है।

उत्तराखंड में पहले चार विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को लगातार दो बार सत्ता में आने का अवसर नहीं मिला। हर विधानसभा चुनाव में सत्ता बदलने का मिथक टूटा इस वर्ष की शुरुआत में हुए पांचवें विधानसभा चुनाव में, जब भाजपा ने लगातार दूसरी बार बहुमत हासिल किया।

मुख्यमंत्री धामी ने बीते रविवार को भी हिमाचल के तीन विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया। हिमाचल के सिरमौर जिले की पांच विधानसभा सीटों पौंटा साहिब, नाहन, पच्छाद, रेणुकाजी एवं सलाई में वह जनसभाएं कर चुके हैं। इस कड़ी में शुक्रवार दोपहर दो बजे धामी शिमला जिले के जुब्बल कोटखाई में जनसभा करेंगे।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार हिमाचल की उत्तराखंड से लगती सीमा पर स्थित छह विधानसभा सीटों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जनसभाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द मुख्यमंत्री की जनसभाओं के कार्यक्रम को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

चौहान ने बताया हिमाचल के 19 विधानसभा क्षेत्रों में उत्तराखंड भाजपा के 50 से अधिक नेता पार्टी के प्रचार अभियान में जूटे हुए हैं। इनमें प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक और संगठन के पदाधिकारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान में भी शामिल होंगे।

संपादन: अनिल मनोचा

news