April 21, 2025

Devsaral Darpan

News 24 x 7

देहरादून- इनामुल्ला बिडिंग पर दोस्तों के साथ खाना खाने गए मारपीट में घायल युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम !!

देहरादून;  10 दिन पहले मामूली विवाद में बेसबाल बैट से हमले में घायल लैब टेक्नीशियन की शुक्रवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के साथ लोगों ने अस्पताल पर प्रदर्शन किया। मामला मुख्यमंत्री के पास पहुंचा तो उनके आदेश पर लक्खीबाग चौकी प्रभारी को सस्पेंड कर दिया गया। साथ ही मुकदमे में हत्या की धारा जोड़कर आरोपी युवक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार,  जोशीमठ, चमोली निवासी विपिन रावत (30) पुत्र अव्वल सिंह रावत दून की एक प्राइवेट लैब में टेक्नीशियन था। 23 नवंबर की रात वह तीन दोस्तों (दो युवतियां) के साथ इनामुल्ला बिल्डिंग स्थित रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। वहां से निकलकर सभी बाहर खड़े थे। इस बीच कार से आईं दो महिलाएं और दो युवकों ने उन पर अभद्र टिप्पणी कर दी। इसे लेकर कार सवार महिला और विपिन की महिला दोस्त के बीच विवाद हो गया। चारों लोग उस पर हमला करने लगे।

विपिन ने माफी मांगी तो किसी तरह मामला शांत हो गया। सभी वहां से निकल रहे थे कि अचानक महिलाओं के साथ मौजूद युवक ने कार से बेसबाल का बैट निकालकर विपिन की कमर और सिर पर मार दिया। वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। यह देख हमला करने वाला युवक भाग निकला। विपिन को स्थानीय लोगों की मदद से सीएमआई अस्पताल पहुंचाया गया। तीन दिन इलाज के बाद उसे श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां शुक्रवार रात उसने दम तोड़ दिया। 25 नवंबर को विपिन के भाई पंकज की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया था।

समझौते का दबाव बना रहे : विपिन की मौत की सूचना मिलते ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, बदरीनाथ विधायक राजेंद्र भंडारी के साथ सैकड़ों कांग्रेसी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पुलिस को शव पोस्टमार्टम के लिए नहीं ले जाने दिया। कांग्रेसियों और परिवार के लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। आरोप है कि लक्खीबाग चौकी प्रभारी बार-बार समझौते का दबाव बना रहे थे। आरोपियों के बजाय वह कई बार पीड़ितों को ही थाने बुला चुके थे। वहीं, प्रदर्शन के चलते कारगी-लालपुल मार्ग पर जाम लग गया। कुछ देर बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेश पर चौकी प्रभारी प्रवीण सैनी को सस्पेंड कर दिया गया।

आरोपी को मिल गई न्यायालय से राहत : सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपी की पहचान विनीत अरोड़ा निवासी डालनवाला के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, डॉक्टरों के बयान के आधार पर मुकदमे में जानलेवा हमले की धारा भी जोड़ ली गई। पुलिस के अनुसार, विनीत की गिरफ्तारी का प्रयास किया गया, लेकिन उसे न्यायालय ने अंतरिम राहत दे दी। पुलिस से पांच दिसंबर तक रिपोर्ट मांगी गई थी। इस बीच अब युवक की मौत हो गई।

विपिन की होनी थी शादी : विपिन ने वर्ष 2012 में श्रीमहंत इंदिरेश मेडिकल कॉलेज से ही लैब टेक्नीशियन का कोर्स किया था। बंजारावाला में रहकर एक प्राइवेट लैब में काम कर रहा था। इससे पहले कई अन्य अस्पतालों में भी काम कर चुका है। विपिन के पिता असम राइफल्स में नागालैंड में तैनात हैं। विपिन अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। छोटी बहन की शादी हो चुकी है जबकि छोटा भाई पढ़ाई कर रहा है। अब विपिन की शादी करने का विचार चल रहा था कि यह हादसा हो गया। परिवार की सारी खुशियां एक ही पल में दुख में तब्दील हो गईं।
निक्कू दाई का भतीजा है आरोपी विनीत  : आरोपी विनीत अरोड़ा देहरादून के कुख्यात बदमाश रहे देवेंद्र अरोड़ा उर्फ निक्कू दाई का भतीजा है। निक्कू पर हत्या के कई मुकदमे दर्ज थे। वह एनकाउंटर में मारा गया था। अब विनीत अरोड़ा का परिवार साधारण जीवन जी रहा है। डिस्पेंसरी रोड के पास उनकी कपड़ों की दुकान है।
संपादन : अनिल मनोचा
news