उत्तराखण्ड; सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। उन्होंने मानसून की स्थिति, चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा, आपदा प्रबंधन, ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम, सत्यापन अभियान और गड्ढामुक्त सड़क अभियान सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मानसून को देखते हुए प्रदेश में आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने फोन चालू रखें और किसी भी परिस्थिति में संपर्क से बाहर न रहें। किसी भी तरह की अनहोनी से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं एवं तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि मानसून के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
