उत्तराखंड; मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि अब हर वर्ष रक्षाबंधन के पहले 15 दिन तक मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव कार्यक्रम चलेगा। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पाद बेचने का अवसर मिलेगा। इससे महिला स्वयं सहायता समूहों और इनसे जुड़ी महिलाओं की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। सीएम ने सोमवार को उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसएचजी से जुड़ी महिलाओं से बातचीत की और उनके द्वारा बनाई गई राखियों का अवलोकन किया। महिलाओं ने कहा कि इस योजना से उन्हें विकास करने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को खरीदने से राज्य की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। इससे महिलाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि यही असली मायने में वोकल फॉर लोकल होना है। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को खरीदें और उनके विकास में अपना योगदान दें।
